सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है गांधी की शहादत
कुचेरा शहर के राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन शहीद दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी एवं महाविद्यालय प्राचार्य हेमाराम तिरदिया ने बताया कि विशेष शिविर के चौथे दिवस का प्रारम्भ गत दिवस के प्रतिवेदन एवं लक्ष्य गीत के साथ हुआ। तत्पश्चात स्वयंसेवकों ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें मौन श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित पुखराज भाटी (वरिष्ठ अध्यापक) ने अपने विचार व्यक्त करते हुआ कि गांधी के बताये मार्ग पर चलकर ही विश्व शांति की ओर अग्रसर हुआ जा सकता है। गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि स्वयं परिपूर्ण विचार है, जो मानवता को सत्य व अहिंसा का सन्देश देता है। इसी कड़ी में अध्यापक रामलाल गुर्जर ने स्वयंसेवकों से जीवन में सफल होने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। गांधी की स्मृति में इस अवसर पर ‘क्या अहिंसा के द्वारा ही विश्व शांति की स्थापना की जा सकती है विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ज्योति मेघवाल ने प्रथम एवं अखिलेश खोजा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार गांधी पर आयोजित क्विज में कलाम ग्रुप विजेता रहा।