Dark Mode
गंगानगर: गंगानगर में बसंत पंचमी से होगा ग्राम उत्थान शिविरों का आगाज़

गंगानगर: गंगानगर में बसंत पंचमी से होगा ग्राम उत्थान शिविरों का आगाज़

12 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी, मौके पर जारी होंगी स्वीकृतियां

गंगानगर। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर जिले में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 से ग्राम उत्थान शिविरों का शुभारंभ किया जाएगा। प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर आयोजित होने वाले शिविर 23, 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1 एवं 5 से 9 फरवरी 2026 तक कुल 10 दिवस आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गिरदावर सर्किल की समस्त ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा ग्राम-2026 की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में आयोजित इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी। शिविरों के माध्यम से कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही स्वीकृतियां जारी की जाएगी। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां, बैलों से खेती करने पर 30 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा एवं एमएसपी की जानकारी, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, सोलर पंप एवं पॉलीहाउस के आवेदन तैयार करने सहित बीज एवं मिनी किट वितरण का सत्यापन किया जाएगा। कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएमएफएमई के आवेदन तैयार करना, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण तथा किसान विश्राम स्थल निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। सहकारिता विभाग द्वारा 23 जनवरी को मुख्यमंत्री किसान निधि का डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन, एनसीओएल एवं एनसीईएल सदस्यता, नवीन गोदाम निर्माण, सहकारी बैंक खाते, स्वयं सहायता समूहों के ऋण, 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना एवं कस्टम हायरिंग सेंटर से संबंधित कार्य किए जाएंगे। पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना अंतर्गत पंजीकरण, पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण तथा गौशाला विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। डेयरी (आरसीडीएफ) विभाग द्वारा पीडीसीएस/डीसीएस पंजीयन, नवीन सदस्यता, सरस बूथ एवं मार्ट आवंटन तथा सहकारी ऋण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का प्रचार-प्रसार एवं फार्म पॉण्ड में मछली पालन की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत गृह प्रवेश एवं चाबी सुपुर्दगी, वीबी-जी राम-जी अभियान तथा दीनदयाल उपाध्याय योजना के सर्वे कार्य पूर्ण किए जाएंगे। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ की शेष अनुदान राशि का डीबीटी, उद्योग विभाग द्वारा युवा स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन तथा जल संसाधन विभाग द्वारा डब्ल्यूयूए को सक्रिय करने, वंदे गंगा संरक्षण अभियान एवं नहरों की मरम्मत आवश्यकताओं का चिन्हीकरण किया जाएगा। ऊर्जा विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत पंजीकरण किए जाएंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!