गावस्कर की बुमराह पर तीखी फटकार, नो बॉल पर भड़के दिग्गज
नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए आईपीएल 2026 अच्छा नहीं बीत रहा है। बल्लेबाजों के मन में खौफ भरने वाले बुमराह फिलहाल विकेटों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 10 मैचों में केवल तीन विकेट चटकाए। बुमराह के खराब प्रदर्शन का असर टीम पर साफ रूप से दिखाई दे रहा है। मुंबई इंडियंस ने सोमवार को बेशक लखनऊ सुपरजायंट्स को 6 विकेट से परास्त किया, लेकिन वो प्वाइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ 9वें स्थान पर हैं।
बुमराह का लचर प्रदर्शन
बुमराह वानखेड़े स्टेडियम पर लखनऊ के खिलाफ भी बेरंग नजर आए। उन्होंने मैच में तीन नो बॉल डाली, जिसमें से दो पर विकेट मिले थे। यह दोनों नो बॉल एक ही ओवर में डाली। बुमराह ने मैच में 4 ओवर में 45 रन खर्च किए और कोई सफलता हासिल नहीं की। नो बॉल की गलती के कारण बुमराह ने आलोचनाओं को आमंत्रण दिया।
गावस्कर ने फटकारा
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बुमराह के प्रदर्शन की जमकर आलोचना की। बुमराह ने 14वें ओवर में दो नो बॉल डाली, जिसकी वजह से उन्हें कुल 9 गेंदों का ओवर पूरा करना पड़ा। गावस्कर ने कहा कि टी20 क्रिकेट में नो बॉल डालना स्वीकार्य नहीं है। मुझे दोबारा मत कहिए। मुझे मत कहिए। मुझे मत कहिए कि बुमराह ने नो बॉल डाली है। यह स्वीकार्य नहीं है। बिलकुल भी स्वीकार नहीं कर सकता। आप पेशेवर क्रिकेटर हैं। यह स्वीकार्य नहीं है। वाइड हां डाल सकते हैं, लेकिन नो बॉल, नहीं बिलकुल नहीं।
मलिंगा को भी नहीं बख्शा
जब बुमराह ने 14वें ओवर में लगातार नो बॉल डाली तो कैमरे में मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने और गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा की तरफ दिखाया गया। दोनों ही डगआउट में निराश नजर आए। जब मलिंगा पर फोकस किया गया तो गावस्कर ने कहा, 'हां गेंदबाजी कोच। यह बड़ी गलती है।'
मुंबई ने जीता मुकाबला
बहरहाल, जसप्रीत बुमराह के खराब प्रदर्शन के बावजूद मुंबई इंडियंस की टीम मैच में बाजी मारने में कामयाब रही। लखनऊ द्वारा मिले 229 रन के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल किया। मुंबई ने आईपीएल 2026 में अपनी तीसरी जीत दर्ज करके प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा।