आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें बालिकाएं: कलक्टर
बारां। समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय बालिका सम्मान समारोह शनिवार को विवान होटल एंड रिसोर्ट में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा कि बालिकाएं अपना आत्मविश्वास बनाए रखें और अपनी प्रतिभा को निखारने पर जोर दें। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गेंदालाल रैगर ने की। विशिष्ट अतिथि पद से बोलते हुए जिला सूचना व विज्ञान अधिकारी पूनम पाटनी व जिला रसद अधिकारी प्रिया शर्मा ने बालिकाओं को सोशल मीडिया पर विशेष सावधानी बरतने तथा अपनी काबिलियत को आगे बढ़ाने की सीख दी। मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश गुप्ता व समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार नागर ने बताया कार्यक्रम में डीईओ मुख्यालय माध्यमिक सीताराम गोयल, एडीईओ हरिमोहन गालव, एपीसी गंगाप्रसाद मीणा, दशरथ सुवानिया, सीबीईओ गायत्री मीणा अन्ता, सीबीईओ कालूलाल मीणा अटरू, सीईओ स्काउट सुनीता मीणा मंचासीन थी। समारोह में शैक्षिक, खेलकूद एवं आत्मरक्षा, मीना मंच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिले की 150 मेधावी बालिकाओं तथा 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। गजनपुरा की बालिकाओं द्वारा आत्म रक्षा का प्रशिक्षक पूनम गौतम व जेहरा परवीन के निर्देशन में प्रदर्शन किया गया। कस्तूरबा विद्यालय की बालिकाओं द्वारा बाल विवाह रोकथाम एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक, गतिका धाकड़ द्वारा तलवारबाजी प्रदर्शन एवं गजनपुरा स्कूल के बच्चों द्वारा निकिता शर्मा व ममता जैन के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गईं। कार्यक्रम में सहायक आचार्य शालिनी मंगल, एएओ विकास पंकज, अध्यापिका ममता शर्मा, मनोज जैन, अनूप चोपड़ा, सतीश सोनी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं सभी ब्लॉकों से आई छात्राएं व अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन कैलाश नारायण व सीमा नागर ने किया।