महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने किया पुलिस थाना भिनाय का भ्रमण
भिनाय। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय भिनाय की स्टूडेंट पुलिस कैडेट के 20 छात्राओ के दल ने शनिवार को पुलिस थाना भिनाय का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान थानाधिकारी विनोद मीणा ने छात्राओ को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया। महात्मा गांधी विद्यालय के कैडेट प्रभारी महेश डाबी व अनिल कुमार जोशी ने बताया कि शनिवार को महात्मा गांधी विद्यालय की 20 छात्राओं को पुलिस थाना भिनाय का भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के दाैरान थानाधिकारी मीणा ने छात्राओं को नैतिक एवं बहुमूल्य जानकारी देकर पुलिस वर्दी का सम्मान करने, अनैतिक कार्यो के प्रति जागरूक रहने कि प्रेरणा दी। साथ ही मीणा ने छात्राओं को धाराओं ,प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज करना, शिकायत लिखवाना, ऑनलाइन रिपोर्ट, 100 नंबर डायल, जेल भेजे जाने की कार्रवाई, वायरलेस सेट का उपयोग, महिला एवं ऊर्जा डेस्क, पॉक्सो एक्ट की जानकारी प्रदान की। व एएसआई ओम प्रकाश ने स्वागत कक्ष की महत्ता, पुलिस के कार्य, त्वरित कार्यवाही तथा अपराधियो में डर और आम जनता में राहत प्रदान करने के पुलिस के संकल्प की जानकारी दी। अध्यापक अनिल कुमार जोशी ने बताया कि शीघ्र ही छात्राओ को अजमेर स्थित ऐतिहासिक स्थल एवं नारेली तीर्थ स्थल का भ्रमण कराया जाएगा।