बुनकरों के लिए खुशखबरी, जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु मांगे गए आवेदन
Sri Ganganagar : राज्य सरकार ने पारंपरिक हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वर्ष भी जिला स्तरीय पुरस्कार योजना लागू की है। इसके तहत श्रीगंगानगर जिले के पात्र हथकरघा बुनकरों से आवेदन मांगे गए हैं।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक हरीश मित्तल ने बताया कि पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित बुनकरों को नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। योजना का उद्देश्य हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कारीगरों को सम्मानित करना और उन्हें आगे बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि केवल वे बुनकर ही आवेदन करने के पात्र होंगे, जो पिछले तीन वर्षों से लगातार हथकरघा पर बुनाई कार्य कर रहे हैं। साथ ही, जिन बुनकरों को पिछले तीन वर्षों के दौरान इस पुरस्कार के लिए चयनित किया जा चुका है, वे इस बार आवेदन नहीं कर सकेंगे।
इच्छुक और पात्र बुनकर अपने आवेदन पत्र 6 जुलाई 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, श्रीगंगानगर में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय समय के दौरान जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र से प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक हथकरघा बुनकरों से इस योजना का लाभ उठाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।