सरकार ने किया अलवर ग्रामीण क्षेत्र में विशेष विकास कार्य - जूली
अलवर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र निरंतर विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट घोषणाओं को जो अमलीजामा पहनाया है उससे ग्रामीण विधानसभा को विकास के नए पंख लगे है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को बेहतर शिक्षा व चिकित्सा सुविधाऐं उपलब्ध कराने के लिए जहां लगातार महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों को माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया जा रहा है वहीं उप चिकित्सा केन्द्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य क्रेन्दों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में तब्दील किया जा रहा है। मंत्री जूली ने मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीना , पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया एवं शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला का आभार जताते हुए बताया कि बजट घोषणा 2023-24 की अनुपालना में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दुब्बी का बास पूनखर में नवीन राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोलने, गांव कारोली में उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने तथा मालाखेडा ब्लॉक के सारंगपुर एवं उमरैण ब्लॉक के केसरपुर में नवीन पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोले जाने की स्वीकृति प्रदान की है।