Dark Mode
शिक्षा माफियाओं को संरक्षण देना बंद करे सरकार, शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा : सचिन पायलट

शिक्षा माफियाओं को संरक्षण देना बंद करे सरकार, शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा : सचिन पायलट

झुंझुनूं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने नीट-2026 पेपर लीक मामले को देश के युवाओं के भविष्य के साथ किया गया “जघन्य अपराध” बताते हुए राज्य सरकार पर शिक्षा माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। रविवार को झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गौड़जी पहुंचकर सचिन पायलट ने नीट-2026 परीक्षा में शामिल हुए दिवंगत छात्र प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक ने 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों को कुचल दिया है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था ने उनका भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पीड़ित छात्र और उनके परिवार न्याय की मांग कर रहे थे, तब पुलिस और प्रशासन ने संवेदनहीन रवैया अपनाया। पायलट ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का सुनियोजित खेल है, जिसे बड़े शिक्षा माफिया संचालित कर रहे हैं। पायलट ने सवाल उठाया कि पहली बार गड़बड़ी सामने आने के बावजूद सरकार ने समय पर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और एनटीए की चेतावनी के बाद भी सरकार मामले को दबाने का प्रयास करती रही। छात्रों द्वारा “गेस पेपर” और वास्तविक प्रश्नपत्र का मिलान कर घोटाले का खुलासा करने के बाद सरकार को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार केवल दिखावटी कार्रवाई कर रही है, जबकि असली सरगनाओं को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पायलट ने कहा कि युवाओं के भविष्य को पैसों के दम पर अंधकार में धकेलने का अधिकार किसी को नहीं है और कांग्रेस इस मुद्दे पर छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार जनभावनाओं को कुचलने का प्रयास न करे। शिक्षा माफियाओं के खिलाफ और युवाओं को न्याय दिलाने तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!