गुरु नानक जयंती पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने टेका माथा
जयपुर. गुरु नानक देव जी की जयंती यानी प्रकाश पर्व के अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे जयपुर स्थित गुरुद्वारे में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेककर श्रद्धा प्रकट की और शबद कीर्तन में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने गुरबाणी का श्रवण किया। उन्होंने इसे भारत की धर्म और अध्यात्म परंपरा की अनूठी दृष्टि बताते हुए गुरु नानक देव जी के विचारों को याद किया।
गुरु नानक देव जी की तीन शिक्षाओं का किया उल्लेख
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' का अधिक से अधिक प्रचार करने का आह्वान किया।
इन सिद्धांतों का संदेश है कि व्यक्ति ईमानदारी से मेहनत करे, ईश्वर का स्मरण करे और अपनी कमाई तथा संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करे।
उन्होंने गुरु नानक देव जी के विचारों को जीवन में अपनाने और समाज में सेवा, सद्भाव तथा सहयोग की भावना मजबूत करने पर जोर दिया।