Dark Mode
ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ, एलईडी वैन के माध्यम से पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ, एलईडी वैन के माध्यम से पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के उद्देश्य से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए ‘ग्राम रथ अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि यह अभियान 27 अप्रैल से प्रारम्भ होकर आगामी 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा। राज्य स्तर पर ओ.टी.एस. जयपुर से मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोमवार को हरी झंड़ी दिखा कर ग्राम रथों को रवाना किया। प्रदेश की 183 ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथ पहुंचेंगे। जो प्रदेशभर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न जिलों में पहुंचकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही उन्होंने ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, लोक कलाकारों द्वारा कला जत्था के माध्यम से संध्या चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा एवं स्थानीय ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त करने के लिए सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की गई है। इसी क्रम में जैसलमेर जिले में 28 अप्रैल से ग्राम रथों का संचालन प्रारम्भ होगा। जिले की विभिन्न विधानसभाओं के लिए पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ये एलईडी मोबाइल वैन ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित करेंगी। जिला स्तर पर जिला कलक्टर जोरवाल 28 अप्रैल, मंगलवार को प्रातः 9 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के लिए एलईडी मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस पहल से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सहज, सुलभ एवं दृश्यात्मक माध्यम से प्राप्त होगी, जिससे अधिकाधिक लोग इनका लाभ उठा सकेंगे। प्रशासन द्वारा ग्राम रथ अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यह अभियान जिले के अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!