Dark Mode
जिले में आज से शुरू होगा ग्राम रथ अभियान, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

जिले में आज से शुरू होगा ग्राम रथ अभियान, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

सवाई माधोपुर। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ 28 अप्रैल से प्रातः 9ः30 बजे कलक्ट्रेट परिसर से होगा। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रथ को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के आमजन, कृषकों और पशुपालकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले में 28 अप्रैल से ग्राम रथ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी वैन ग्राम रथ के माध्यम से राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रतिदिन पांच ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ पहुंचेगा, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जाएगी। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो प्रदर्शन किए जाएंगे, जिससे आमजन को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होने बताया कि ग्राम रथ अभियान के तहत 13 विभागों से संबंधित सूचना सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इसमें कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी शामिल रहेगी। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। अभियान अंतर्गत प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत में प्रतिदिन संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही कला जत्थों द्वारा लोकनाट्य, गीत और नाटिकाओं के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को मनोरंजक और प्रभावी तरीके से जागरूक किया जा सके। संध्या चौपाल संग होगा योजनाओं का प्रचार प्रसार:- मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि 28 अप्रैल को सवाई माधोपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत खटुपुरा एवं लोदीपुरा, खण्डार की टोडरा एवं फलौदी, गंगापुर सिटी की चूली एवं छावा, बामनवास विधानसभा की ग्राम पंचायत डूंगर पट्टी के भारत निर्माण सेवा केन्द्र परिसर में ग्राम रथ अभियान के तहत योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। इसी प्रकार 29 अप्रैल को सवाई माधोपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत करमोदा, सूरवाल, नींदडदा, सुनारी एवं सिनोली, खण्डार की दुमोदा, हलोन्दा, चितारा, बलबन खुर्द, रामपुरा, आवण्ड-सवाईगंज एवं लहसोड़ा में, गंगापुर सिटी की टोकसी, खानपुर बडोदा, जाट बडोदा एवं महुकलां में तथा बामनवास विधानसभा की ग्राम पंचायत गोठ, बेरखण्डी, मोरपा, काजी कुण्डली, बाटोदा एवं भावड़ में ग्राम रथ अभियान के तहत योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। साथ ही अंतिम पड़ाव स्थल पर संध्या चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!