कृष्णनगर में मूंगफली फसल का खेत दिवस मनाया
फलोदी। शहर के मोहरा रोड स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र, फलोदी के तत्वाधान में गांव कृष्णनगर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अन्तर्गत मूंगफली फसल का समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के खेत दिवस का आयोजन मदनगिरी के खेत पर किया गया। केंद्र द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत कृष्णनगर गांव के 25 किसानों को खरीफ ऋतु में मूंगफली फसल में बीज उपचार हेतु ट्राइकोडर्मा कल्चर, खरपतवार नियिंत्रण के लिए ईमेजाथापायर, पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए जिंक 33 प्रतिशत, फेरस सल्फेट तथा पर्णीय छिडकाव के लिए एन.पी.के. ( 19:19:19), सफेद लट नियंत्रण के लिए इमिडाक्लोप्रिड व जड़ गलन रोग के प्रबंधन हेतु कार्बेन्डाजिन आदानों का फसल प्रदर्शन दिया गया था । केन्द्र के कीट वैज्ञानिक डॉ. गजानन्द नागल ने बताया कि मूंगफली की प्रति हैक्टेयर जिले के उत्पादकता व राजस्थान की प्रति हैक्टेयर उत्पादकता के अंतर को कम करने के लिए एवं किसानों की आय दुगुनी करने के लिए प्रति हैक्टेयर लागत कम करने पर जोर देने के साथ साथ आने वाले समय में समन्वित कृषि प्रणाली को अपनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बताया कि नवीनतम किस्म, बीज उपचार, खरपतवारनाशी व उचित पोषक तत्व प्रबंधन के साथ साथ उत्पादित बीज को आगामी फसल की बुवाई हेतु भंडारण कर स्वयं व आस पास के किसानों को बीज के रूप में उन्नत बीज उपलब्ध करवाकर आमदनी में वृद्धि की जा सकती है। इस कार्यक्रम में मगाराम, लक्ष्मणगिरी, पूनगिरी, घमाराम, अनाड़गिरी सहित लगभग 35 प्रगतिशील किसान खेत दिवस पर उपस्थित रहे।