गुजरात हादसा : सैन्य परिवारों के 7 लोगों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
नई दिल्ली। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और ट्रेलर ट्रक की टक्कर में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें एक नवजात बच्ची भी थी। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। बचाव दल को शवों को बाहर निकालने के लिए कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटनास्थल पर स्थिति काफी गंभीर थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर हालात का जायजा लिया।
यह दुर्घटना शनिवार रात उस समय हुई, जब सभी लोग कच्छ के रण की सैर करने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आए ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रिंकी नितिन गुसाईं (35), उनकी चार महीने की बेटी वमिका, सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता के रूप में हुई है। ये सभी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि कच्छ में हुई दुर्घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गुजरात के कच्छ में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में कई लोगों की मौत का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। खासकर तीन मासूम बच्चों की मौत ने इस दुर्घटना को और भी पीड़ादायक बना दिया है।