गुप्ता अब ग्रामीण क्षेत्रों में जगाएंगे स्वच्छता की अलख
डूंगरपुर। नगर परिषद के पूर्व सभापति और राजस्थान के पूर्व स्टेट ब्रांड एंबेसेडर केके गुप्ता अब राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की अलख जगाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने गुप्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं। ग्रामीण एवं पंचायतीराज विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर को केके गुप्ता से समन्वय स्थापित करने के आदेश दिए हैं। जिला स्तर पर स्वच्छता को लेकर बैठक और कार्यशालाओं का आयोजन करने, बैठकों में पंचायतराज संस्थाओं से जुड़े हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों स्वच्छता के टिप्स देंगे। इसका उद्देश्य यह है कि स्वच्छ भारत मिशन का प्रभाव प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ करने की जिम्मेदारी मिलने पर केके गुप्ता ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश में स्वच्छता लाने के मिशन को साकार करने के लिए देश के गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन पर विश्वास जताया है। गुप्ता ने कहा कि पूर्व में नगर परिषद डूंगरपुर क्षेत्र में स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल कायम करने और गुजरात में भी गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बड़े आयाम स्थापित किए गए। प्रदेश में पहला खुले में शौच मुक्त शहर भी डूंगरपुर शहर केके गुप्ता के प्रयासों से बना सका था। इसके लिए डूंगरपुर नगर परिषद को राज्य, देश और दुनिया में सम्मान किया गया था। इसी कारण यह जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। साथ ही राजस्थान आने वाले समय में प्रदेश सभी राज्यों से स्वच्छता के क्षेत्र में आगे निकल जाएगा और नया इतिहास बनाएगा। वहीं, राज्य के कई गांव मॉडल गांव बनेंगे, जिन्हें देखने के लिए देश दुनिया से लोग आएंगे और यहीं से सीखेंगे और अपने गांव में उसी तर्ज पर स्वच्छता को लेकर काम करेंगे।