Dark Mode
राजस्थान में हनुमान बेनीवाल ने भरी तीसरे मोर्चे की हुंकार

राजस्थान में हनुमान बेनीवाल ने भरी तीसरे मोर्चे की हुंकार

यूपी में ओवैसी और चंद्रशेखर रावण की तर्ज़ पर राजस्थान में सांसद हनुमान बेनीवाल ने सत्तारूढ़ भाजपा और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को चुनौती देते हुए प्रदेश की सियासत में तीसरे मोर्चे की दमदार हुंकार भरी है। नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र नागौर के साथ जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र राजधानी जयपुर के सांगानेर में विजय पताका फहराकर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज़ करा कर सियासी हलके को चौंका दिया है। बेनीवाल की इस कामयाबी ने दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए न केवल सियासी संकेत दिए है अपितु तीसरे मोर्चे की आधार शिला भी रख दी हैं। यही नहीं अन्य अनेक जिलों में भी रालोपा के झंडे लहराने लगे है। तीसरी ताकतें बेनीवाल को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर अपनी रणनीति बनाती है तो ग्रामीण भारत में बड़े बदलाव से इंकार नहीं किया जा सकता।
राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 497 पंचायत समिति और 51 जिला परिषद सदस्य के पदों पर जीत दर्ज की है। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में पार्टी को 16,45,301 वोट मिले जो कुल मतदान का 6.64 प्रतिशत है। वहीं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में इस पार्टी को 16,81316 वोट मिले जो 6.78 प्रतिशत है। इसी के साथ राजस्थान में एक बार फिर तीसरे मोर्चे की सरगर्मियां शुरू हो गई है। राजस्थान की मरुभूमि राजनीतिक रूप से बेहद सजग और सतर्क है। यहाँ के जागरूक मतदाता केवल दो ही दलों को शासन चलाने का मौका देते है। तीसरे का भविष्य लगभग नगण्य है। यह जरूर है, समय समय पर तीसरे मोर्चे की संभावनाएं तलाशी जाती है मगर चुनावी परिणाम अनुकूल नहीं आने से यह गर्भ में ही समाप्त हो जाता है। ले देकर दो चार दलों के चार - छह नेता ही विधानसभा में तीसरे मोर्चे के नाम से जीतकर आते रहे है। इनमें वामपंथी पार्टियों ने कांग्रेस से गठबंधन कर तीसरे मोर्चे को बाय बाय कर दिया है। राजस्थान में एक बार फिर तीसरे मोर्चे की संभावनाएं हिलोरे लेने लगी है। सांसद हनुमान बेनीवाल प्रदेश में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं पर बड़े आशान्वित है। इस बार तीन लड़ाकू नेता तीसरे मोर्चे के झंडाबरदार बनने जा रहे है। ये नेता है, नरेश मीना, राजेंद्र गुढ़ा और हनुमान बेनीवाल। इनमें हनुमान बेनीवाल राजस्थान लोकतान्त्रिक पार्टी की कमान संभाले हुए है, साथ ही वे नागौर से सांसद भी है। वहीं राजेंद्र गुढ़ा दो बार के विधायक और मंत्री रहे है। तीसरे जुझारू नेता नरेश मीना है जो विधानसभा का कोई चुनाव तो अब तक नहीं जीत पाए मगर अंता उप चुनाव में 50 हज़ार से अधिक वोट लेकर अपने दमख़म का परिचय दिया। तीनों नेता अपनी अपनी जातियों में अच्छा खासा दखल रखते है। इन तीनों के अलावा प्रदेश में दो और नेता है जो कांग्रेस और भाजपा से अलग अपना प्रभुत्व कायम किये हुए है। इनमें राजकुमार रोत बांसवाड़ा से सांसद है और रविंद्र भाटी बाड़मेर जिले से निर्दलीय विधायक है। रोत की भारत आदिवासी पार्टी ने पंचायत चुनाव में 278 पंचायत समिति और 43 जिला परिषद् सीटों पर विजय प्राप्त की है।
अगर ये पांचों नेता एक हो जाते है तो राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाएं बलवती हो जाएगी। पांचों नेता लड़ाकू प्रवृति के है। इस तरह जाट, राजपूत, मीना और आदिवासी समुदाय के मतदाताओं में इनके दबदबे से इंकार नहीं किया जा सकता। राजस्थान में चौधरी कुम्भाराम आर्य से लेकर हनुमान बेनीवाल तक तीसरे मोर्चे के अनेक झंडाबरदार हुए है। इनमें आर्य सहित नाथूराम मिर्धा, दौलत राम सारण, दिग्विजय सिंह, देवी सिंह भाटी, लोकेन्द्र सिंह कालवी, किरोड़ी लाल मीणा, घनश्याम तिवाड़ी और हनुमान बेनीवाल के नाम मुख्य रूप से लिए जा सकते है। इन लोगों ने भारी शोर शराबे और धूम धड़ाके से तीसरे मोर्चे की हुंकार भरी थी मगर प्रदेश की मरुभूमि में ये मोर्चा सरसब्ज नहीं हुआ। अनेक की भ्रूण हत्या भी हो गई। राजस्थान में कई बार तीसरे मोर्चे की बुनियाद रखी गई मगर हर बार दीवार खड़ी होने से पहले ही धराशाही हो गई। आजादी के बाद राज्य में तीस साल तक कांग्रेस का एकछत्र राज रहा। 1977 में पहली बार कांग्रेस का राज पलटा और विभिन्न दलों को मिलाकर बनी जनता पार्टी सत्तारूढ़ हुई। बाद के दो दशकों में राज्य की राजनीति अस्थिर रही। जनता पार्टी टुकड़े टुकड़े होकर बिखर गई। भाजपा के रूप में जनसंघ का पुनः उदय हुआ। इस पार्टी ने कद्दावर नेता भैरोंसिंह शेखावत के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रीय और अपने अपने इलाकों में जमीन से जुड़े नेताओं को भाजपा में शामिल कर पार्टी को मजबूत बनाया। इस भांति प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा में सीधे मुकाबले की स्थिति बनी। साम्यवादी, समाजवादी और अन्य जातीय दल मिलकर तीसरा मोर्चा खड़ा नहीं कर पाए। राजपूत नेता कल्याण सिंह कालवी, देवीसिंह भाटी जाट नेता कुंभाराम आर्य, नाथूराम मिर्घा, दौलत राम सहारण, किरोड़ी मीणा, हनुमान बेनीवाल और घनश्याम तिवाड़ी लाख प्रयासों के बाद भी राज्य में तीसरा मोर्चा खड़ा नहीं कर पाए। हारकर देवी सिंह भाटी, किरोड़ी और तिवाड़ी अपनी मूल पार्टी भाजपा में लौट आये। हनुमान बेनीवाल अभी मैदान में डटे है और दोनों मुख्य दलों को ललकार रहे है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!