केशव राय पाटन में बाबासाहेब की जन्मजयंती पर मनाया समरसता दिवस
केशव राय पाटन में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा के पाटन द्वारा भारत रत्न संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर समरसता दिवस मनाया गया। संगठन द्वारा बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 132 वीं जयंती हर्ष और उल्लास के साथ राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय राजराजेश्वर रोड केशोरायपाटन में मनाई गई। जिसमें संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल सामरिया ने बाबा साहब के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संगठन के प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ के सदस्य तुलसीराम नामा ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा है कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर अंबेडकर ने सभी को एक समान विकास की शिक्षा दी और वंचितों को अवसर प्रदान करने की प्रेरणा दी। संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल सामरिया ने कहा है कि बाबा साहब ने अपने जीवन काल में जो भी संदेश हमें दिया है हम सब उसका अनुसरण कर समाज को और राष्ट्र को समृद्ध बनाने का प्रयास करेंगे। बाबा साहब ने कहा है कि शिक्षा के बिना विकास संभव नहीं है हमें शिक्षित बनना है। संगठित रहना है। संविधान में सभी लोगों को अपने मूल कर्तव्य का निर्वाह करना चाहिए। उपशाखाध्यक्ष अंकित गौतम ने कहा कि बाबा साहब के सामाजिक समरसता के कार्यों की प्रासंगिकता देश ही नहीं विदेशों में भी है। कार्यक्रम में संगठन के के पाटन प्रभारी सुखबीर सिंह कराड जिला उपाध्यक्ष बजरंगलाल मेघवाल जिला व्याख्याता प्रतिनिधि गोपाल मेहरा जिला सचिव अमरलाल कराड जिला संस्कृत सचिव गजेंद्र मेघवाल उपशाखा उपाध्यक्ष रजनीश आचार्य पूर्व अध्यक्ष रामस्वरूप नागर बद्रीनारायण बैरवा अशोक नागर विकास सेन आदि कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपशाखामंत्री विजय मिलिंद ने किया।