Dark Mode
हर्षित राणा बाहर, यश ठाकुर की टीम इंडिया में एंट्री

हर्षित राणा बाहर, यश ठाकुर की टीम इंडिया में एंट्री

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम में बदलाव हुआ है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण दोनों टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह चयनकर्ताओं ने यश ठाकुर को भारतीय टीम में शामिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

हर्षित राणा बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन कर रहे थे और उनकी फिटनेस में सुधार भी बताया जा रहा था। इसी दौरान 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते हुए उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। इसके बाद वह आगामी मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रह सके।

दरअसल, हर्षित को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उनकी फिटनेस के आधार पर टीम में जगह दी गई थी। चयन के बाद उन्हें फिटनेस टेस्ट से गुजरना था। लेकिन नई चोट के चलते उनके लिए टीम के साथ आगे बढ़ना संभव नहीं हुआ। अब उनकी जगह यश ठाकुर को मौका दिया गया है।

यश ठाकुर इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने अब तक दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें चार विकेट अपने नाम किए हैं। अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें शुरुआत में अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन हर्षित के बाहर होने के बाद अब उनकी वापसी हुई है।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। वहीं एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से होना है। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल के रूप में खेलेगी।

अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।

एशियन गेम्स 2026 के लिए अपडेटेड भारतीय स्क्वॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!