हेलमेट बोझ नहीं होकर जीवन रक्षक है
सरवाड़ . हेलमेट बोझ नहीं होकर जीवन रक्षक है, टू व्हीलर पर यात्रा के दौरान इसका उपयोग करना सभी का कर्तव्य है। यह बात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अकलेश शर्मा ने कही। शर्मा जयमल ट्रस्ट पुष्कर, सड़क सुरक्षा सोसाइटी एवं क्षत्रिय सभा सरवाड़ की ओर से आयोजित हेलमेट वितरित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज रोड दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत नियमों की अवहेलना करने के कारण हो रही है और जिसका खामियाजा पूरा परिवार उठा रहा है। उन्होंने कहा कि टू व्हीलर वाहन चलाते समय हेलमेट को पुलिस का डर या बोझ नहीं समझना चाहिए, बल्कि इसे अपने जीवन रक्षक के रूप में उपयोग करना चाहिए।
डीटीओ प्रमोद लोढ़ा ने कहा कि लोगों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए, जिससे कि स्वयं सुरक्षित रहने के साथ ही अपने परिवार के साथ होने वाली किसी अनहोनी से बचा जा सके। प्रादेशिक परिवहन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी विरेंद्र सिंह राठौड़ ने भी सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी और हेलमेट के उपयोग को लेकर जागरूक किया। उन्होंने वाहन की स्पीड लिमिट के बारे में बताया। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शंकर सिंह राठौड़ ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करना चाहिए इसके साथ ही हमें अन्य लोगों को भी हेलमेट लगाने के प्रति जागरूक करना होगा। पूजा चौधरी ने यातायात नियमों के बारे जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन भगवत सिंह राठौड़ ने किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अकलेश शर्मा, डीटीओ प्रमोद लोढ़ा, सहायक परिवहन अधिकारी विरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह कड़ैल, थानाधिकारी सुरेंद्र गोदारा, पालिकाध्यक्ष छगन कंवर राठौड़, सड़क सुरक्षा अभियान अध्यक्ष ऋतुराज चौहान, महेंद्र सिंह ढोस, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शंकर सिंह राठौड़, सूरजभान सिंह नरूका, जयमल ट्रस्ट पुष्कर कर्नल रघुवीर सिंह,अभिमन्यु सिंह, केसर सिंह, हनुमान सिंह, अतीक तंवर, सोजीराम जाट, संजय साहू, विक्रम सिंह, नंदकिशोर पोरवाल, अरविंद सिंह सहित प्रमुख लोग मौजूद रहे।