पाली संसदीय क्षेत्र में होम वोटिंग 14 अप्रैल से, 3801 पंजीकरण
पाली। लोकसभा आम चुनाव-2024 के तहत पाली संसदीय क्षेत्र में होम वोटिंग के रिकॉर्ड 3801 पंजीकरण किए गए हैं। पाली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 3801 पात्र मतदाताओं ने घर से मतदान करने का विकल्प चुना है। इसमें 3147 बुजुर्ग और 654 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एलएन मंत्री ने बताया कि होम वोटिंग की सुविधा विकल्प के रूप में चुना है। लोकसभा चुनाव के लिए होम वोटिंग की सुविधा ऐसे मतदाताओं को मिलती है, जो 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों हों या 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता श्रेणी के विशेष योग्यजन हों। होम वोटिंग के लिए मतदान प्रक्रिया 14 अप्रैल से शुरू होकर 21 अप्रैल तक चलेगी। किसी कारण से मतदाता के होम वोटिंग के लिए अनुपस्थित या वंचित रह जाने पर दूसरा दौर 22 से 23 अप्रैल के बीच होगा।