Dark Mode
एचपीवी वैक्सीनेशन से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को मिलेगा बढ़ावा, आमजन में जागरूकता जरूरी

एचपीवी वैक्सीनेशन से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को मिलेगा बढ़ावा, आमजन में जागरूकता जरूरी

प्रतापगढ़। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम एवं एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नागेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का कारण बन सकते हैं। एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने के जोखिम को कम करने में मदद करती है। किशोरावस्था में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार वैक्सीनेशन करवाना विशेष रूप से लाभकारी होता है। डॉ. सिसोदिया ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता की कमी और समय पर बचाव के उपाय नहीं अपनाने के कारण महिलाओं को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में एचपीवी वैक्सीनेशन के बारे में सही जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे वैक्सीन के महत्व को समझें तथा पात्र किशोरियों के टीकाकरण के संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त करें। आरसीएचओ डॉ जगदीप खराड़ी ने बताया की एचपीवी वैक्सीन को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर लोगों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से इस संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। जागरूकता के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को कैंसर से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। अंत मे सीएमएचओ ने आमजन से अपील की कि वे एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक बनें, पात्र किशोरियों के टीकाकरण के संबंध में चिकित्सकीय सलाह लें और इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!