मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष व्यास ने देखा थाना व अस्पताल
पुष्कर। राजस्थान मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण व्यास ने शुक्रवार को एक दिवसीय यात्रा में पुष्कर पुलिस थाने एवं राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। शुक्रवार की सुबह पुष्कर पहुंचे व्यास ने सबसे पहले ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए तथा सरोवर की पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराधिक मामलों की जानकारी ली तथा हवालात सहित पूरे थाना परिसर का बारिकी से अवलोकन कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। थाने पहुंचने पर थाना प्रभारी डॉ. रवीश सामरिया के निर्देशन में पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद व्यास ने राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सक कक्ष वार्ड, दवा वितरण केंद्र आदि का निरीक्षण किया। चिकित्सकों से उन्होंने आउटडोर व ओपीडी की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. महेश शर्मा, डॉ. चारु शर्मा, डॉ. अभिजीत सोनी, डॉ. सोनल अंसारी, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुनीता पाराशर, सविता पाराशर, पवन शर्मा ने व्यास को अस्पताल की व्यवस्थाओं से रूबरू कराते हुए स्वागत किया।