राह-वीरों की शिकायतों पर अब तुरंत होगी कार्रवाई
श्रीगंगानगर। सड़क हादसों के दौरान घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन यानी राह-वीरों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था की है। अब ऐसी शिकायतों की निगरानी और उनके निस्तारण के लिए अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमित यादव ने बताया कि परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, जयपुर के निर्देशों की पालना में पहले जारी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। इसके तहत संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए राह-वीरों से जुड़ी शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नियुक्त नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी होगी कि वह इस संबंध में हर महीने बैठक आयोजित करें। बैठक में गुड सेमेरिटन से जुड़ी शिकायतों, उनके निस्तारण और संबंधित विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही बैठक में हुई कार्रवाई का विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड करवाना भी नोडल अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले लोगों को आने वाली समस्याओं का समाधान करना और उनके प्रति व्यवस्था को अधिक संवेदनशील बनाना है।
जिला स्तर पर नोडल अधिकारी की नियुक्ति से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में विभागीय समन्वय बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही राह-वीरों से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी भी की जा सकेगी।