शिष्य के नवाचार से प्रभावित होकर गुरु ने की प्रायोगिक सामग्री भेंट
कुचेरा। राजकीय महाविद्यालय में जन-सहयोग के माध्यम से भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रारम्भ “आपणी कॉलेज” पहल के अंतर्गत प्रेम बाल निकेतन कुचेरा के संचालक एवं भामाशाह रामचंद्र कडवासरा द्वारा भूगोल-प्रयोगशाला के लिए प्रायोगिक सामग्री भेंट की गई। महाविद्यालय प्राचार्य हेमाराम तिरदिया ने बताया कि उनकी प्रारम्भिक शिक्षा के गुरु रहे कडवासरा अपने शिष्य के इस नवाचार से बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने सहर्ष 7100 रुपये मूल्य की प्रायोगिक सामग्री महाविद्यालय हितार्थ भेंट की। इससे पूर्व भामाशाह उस्मान खान खोखर ने भी अपनी पुत्री आयशा बानो के विवाह के उपलक्ष में भूगोल प्रयोगशाला के लिए 11000 रुपये लागत मूल्य की प्रायोगिक सामग्री भेंट की। इस अवसर पर भामाशाह कडवासरा ने कहा अच्छी शिक्षा सभी के लिए जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए बहुत आवश्यक है। यह हममें आत्मविश्वास विकसित करने के साथ ही हमारे व्यक्तित्त्व निर्माण में भी सहायता करती है। प्राचार्य तिरदिया ने भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थी जीवन में एक सुव्यवस्थित प्रयोगशाला की महत्ता पर प्रकाश डाला।