जयपुर में कचौरी खाते युवक का 20 लाख से भरा बैग चोरी, स्कूटी सवार फरार
जयपुर। राजधानी जयपुर में कलेक्शन के काम से निकले एक युवक के साथ चोरी की वारदात हो गई। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो बदमाश स्कूटी पर आए और युवक की स्कूटी के आगे रखा 20 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। उस समय युवक कचौरी खाने के लिए रुका हुआ था।
घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित चंपालाल कपड़ों के एक व्यापारी के यहां कलेक्शन का काम करता है। वह मूल रूप से सिरोही का रहने वाला है और जयपुर में टिक्की वालों के रास्ते में काम के सिलसिले में आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि चंपालाल कचौरी खाने के लिए रुका और स्कूटी पर बैठकर खाने लगा। इसी दौरान स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने उसकी स्कूटी के आगे रखा बैग उठाया और मौके से भाग निकले। बैग में 20 लाख रुपये होने की बात सामने आई है।
बैग चोरी होते देख युवक ने बदमाशों का पीछा किया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने भी आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई और आरोपियों की तलाश शुरू की। वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
मामले में मंगलवार को पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी दी गई है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।