Dark Mode
पंचायत समिति रायिंसंहनगर में एडीजे ने किया जनप्रतिनिधियों के

पंचायत समिति रायिंसंहनगर में एडीजे ने किया जनप्रतिनिधियों के

साथ जागरूकता शिविर का आयोजन



श्रीगंगानगर । रायसिंहनगर की पंचायत समिति के सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीगंगानगर के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया (एडीजे) की अध्यक्षता में रायसिंहनगर पंचायत समिति के सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के साथ न्याय आपके द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान एडीजे ने बताया कि 9 सितम्बर, 2023 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इसी के अंतर्गत इस जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
एडीजे ने जनप्रतिनिधियों से की अपील
 एडीजे तेनगुरिया ने बताया कि 9 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए नवाचार के रूप में न्याय आपके द्वार अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि आपकी ग्राम पंचायत के ऐसे विवाद जो राजीनामा योग्य है। जैसे प्री-लिटिगेशन प्रकरण रास्ते के विवाद, पारिवारिक विवाद व न्यायालयों में लंबित सिविल, आपराधिक विवाद आदि में आप दोनों पक्षों के बीच प्री-काउंसलिंग की कार्यवाही कर उनके प्रकरण का जरिये राजीनामा समझौता कराने का प्रयास करें। जनप्रतिनिधियों के द्वारा जरिये राजीनामा निस्तारित करवाये गये प्रकरण में ना किसी की हार होगी और ना जीत, आमजन को राहत तो मिलेगी ही व दोनों पक्षों के दरमियान आपसी सौहार्द भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के लिये जुलाई से ही प्री-काउंसलिंग की कार्यवाही शुरू की जायेगी। जागरूकता शिविर के दौरान रायसिंहनगर के एडीजे अनिल कुमार शर्मा व एसीजेम कमल सोनी द्वारा भी जनप्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
पोस्टर का किया विमोचन
 जागरूकता शिविर में अतिथियों के द्वारा नवाचार पोस्टर का भी विमोचन किया गया। एडीजे तेनगुरिया ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए इस पोस्टर का विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि इस पोस्टर पर राजस्थान राज्य पीड़ित प्रतिकर स्कीम, 2011 निः शुल्क विधिक सहायता धारा 12, विधिक सेवा अधिनियम 1987, लैंगिक अपराधों से पीड़ित को निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय, अनुसूचित जाति व जनजाति संवर्ग के पीड़ित के पुनरूत्थान के लिये धारा 15 एससी,एसटी एक्ट में आर्थिक विधिक सहायता का प्रावधान, राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन, केन्द्र व राज्य की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिये प्रचार-प्रसार के लिये पोस्टर का विमोचन किया गया है।
 जागरूकता शिविर के दौरान एडीजे गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, अनिल कुमार शर्मा एडीजे रायसिंहनगर, कमल सोनी एसीजेम रायसिंहनगर, श्रीमती राधिका सिंह चारण, न्यायिक मजिस्ट्रेट, रायिंसंहनगर, रामराज, विकास अधिकारी, श्रीमती सुनीता गोदारा, प्रधान, जे पी गौतम पैनल अधिवक्ता व अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
तेनगुरिया द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि इस पोस्टर को सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करवाया जाये ताकि आमजन तक इसकी जानकारी पहुंच सके। इस जागरूकता शिविर के दौरान इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, ग्राम विकास अधिकारीगण सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!