शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर केंद्र का शुभारंभ
फागी में महिला सशक्तीकरण और अपशिष्ट प्रबंधन को मिली नई दिशा, सीएसआर सहयोग से स्थापित हुआ अत्याधुनिक केंद्र
जयपुर। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को फागी ब्लॉक में शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र जिला परिषद जयपुर, फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 लाख रूपए के सीएसआर सहयोग तथा शक्ति संगम संस्था की सहभागिता से स्थापित किया गया है। यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा हरित अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने कहा कि यह केंद्र सरकारी प्रयासों और कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं फिनोवा कैपिटल के प्रबंध निदेशक मोहित साहनी ने कहा कि महिलाओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि यह केंद्र भविष्य में महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगा। केंद्र में हाई स्पीड सिलाई मशीन, पीको मशीन, ओवरलॉक मशीन सहित आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। समारोह के दौरान वेस्ट टू वेल्थ थीम पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार अपसाइकिल उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पुराने कपड़ों से तैयार बैग, कैप, चश्मे के कवर, यूटिलिटी पाउच, मैट, टोकरियां, हस्तशिल्प उत्पाद तथा पर्यावरण अनुकूल राखियां आकर्षण का केंद्र रहीं। उद्घाटन के साथ ही केंद्र में प्रशिक्षण गतिविधियां भी प्रारंभ कर दी गईं। प्रथम चरण में 20 ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू की गई है। वहीं जयपुर की स्थानीय टेक्सटाइल इकाइयों ने केंद्र को कच्चे माल के रूप में कपड़ों की कटिंग एवं स्क्रैप फैब्रिक उपलब्ध कराना प्रारंभ कर दिया है। पहले ही दिन फागी क्षेत्र की लगभग 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया। फिनोवा कैपिटल ने भविष्य में भी महिला सशक्तीकरण की इस पहल में सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया। उद्घाटन समारोह में जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा, प्रधान पंचायत समिति फागी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में लगभग 200 स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।