दमकलकर्मो से अभद्रता, परिषद कर्मचारियों ने की हड़ताल
भीलवाड़ा। राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फैडरेशन, शाखा के बैनर तले आज नगर परिषद के कर्मचारियों ने दमकलकर्मी से अभद्रता मामले में सभापति और आयुक्त के साथ कोतवाली जाकर रिपोर्ट दी है। उधर, सफाई कर्मचारी संघ ने भी शुक्रवार तक कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
शाखा भीलवाड़ा के प्रदेश संगठन मंत्री हरनारायण माली ने बताया कि नगर परिषद के फायरमैन कैलाश चन्द्र सालवी ने कर्मचारी यूनियन को प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर बताया गया कि एक प्राइवेट व्यक्ति मोतीलाल सिंघानियां ने डराया, धमकाया, मारपीट व राजकार्य में बाधा उत्पन्न की है । इसे लेकर परिषद कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने मांग की कि आये दिन बाहर के व्यक्तियों द्वारा कर्मचारियों पर दबाव बनाकर गलत कार्य करवाते हैं और मानसिक प्रताडऩा पैदा करते है। इन पर कानूनी कार्रवाई की जाये। इस शिकायत पर मोतीलाल सिंघानियां के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कानूनी कार्यवाही करवाने की मांग को लेकर आज नगर परिषद के कर्मचारी पेन डाउन हड़ताल पर चले गये, जिससे परिषद का कामकाज ठप्प हो गया। उधर, सफाई यूनियन ने भी परिषद कर्मचारियों का समर्थन करते हुये चेतावनी दी कि अगर शुक्रवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सफाईकर्मी भी हड़ताल पर रहेंगे। वहीं संगठन महामंत्री मंगलेश कुमार ने बताया कि पेन डाउन हड़ताल में 150 से 200 कर्मचारी शामिल हुए हैं, सफाई यूनियन के हड़ताल पर उतरने के बाद यह संख्या 1200 से 1400 तक पहुंच सकती है। इस बीच, हड़ताली कर्मचारी गुरुवार को सभापति राकेश पाठक व आयुक्त दुर्गा कुमारी के साथ कोतवाली पहुंचे, जहां फायरकर्मी के साथ हुई घटना की रिपोर्ट पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी और नगर परिषद कर्मचारियों की पेन डाउन हड़ताल के चलते सभी कामकाज ठप्प रहे, जिसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।