Dark Mode
हर्षोल्लास से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

हर्षोल्लास से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

देश-भक्ति से ओत प्रोत कार्यक्रम आयोजित होंगे


बाड़मेर । जिले में स्वाधीनता दिवस समारोह हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर अरूण कुमार पुरोहित ने कार्यक्रमों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर पुरोहित ने कहा कि आदर्श स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान देश भक्ति से ओत प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने इस मौके पर पुख्ता कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सुपुर्द कार्यों की तैयारियां प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विशेष रुप से स्वतन्त्रता सैनानियों एवं शहीदों के परिजनों को व्यक्तिगत सम्पर्क कर आमन्त्रण पत्र प्रेषित करें। उन्होने 15 अगस्त की पूर्व संध्या एवं 15 अगस्त को राजकीय भवनों, प्रमुख चौराहों एवं शहीद स्मारक चौराहा पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेन्द्रसिंह पुरोहित ने स्वाधीनता दिवस के कार्यक्रमो की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समस्त राजकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं के भवनों पर ध्वजारोह प्रातः 8 बजे किया जाएगा। उन्होनें बताया कि आदर्श स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह में प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी।
उन्होनें बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, महामहिम राज्यपाल का संदेश पठन, पुलिस बैण्ड द्वारा धुन प्रसारण, व्यायाम एवं सामूहिक गान, बालचरों द्वारा पिरामिड प्रदर्शन, प्रशस्ति पत्र वितरण, देश भक्ति गीत, सामूहिक लोक नृत्य इत्यादि कार्यक्रम होंगे।
उन्होनें बताया कि स्वाधीनता दिवस के अवसर पर दोपहर में क्रिकेट मैच का आयोजन भी कराया जाएगा और रात्रि में भगवान महावीर टाउन हाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
बैठक में उपवन सरक्षक संजय भादू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसपी सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेन्द्र सिंहपुरोहित समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकरी मौजूद थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!