स्लो ओवर रेट पर भारत-वेस्टइंडीज पर जुर्माना
दुबई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे के बाद दोनों टीमों पर आईसीसी ने कार्रवाई की है। मुकाबले में निर्धारित समय के भीतर पूरे ओवर नहीं कराए जाने के कारण दोनों टीमों को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया।
आईसीसी के मुताबिक, समय की छूट को शामिल करने के बाद भी भारत चार ओवर और वेस्टइंडीज दो ओवर पीछे रही। इस उल्लंघन के चलते भारत पर उसकी मैच फीस का 20 प्रतिशत, जबकि वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
आईसीसी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर रेट से जुड़े उल्लंघन पर कार्रवाई की जाती है। नियम के मुताबिक निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं होने पर खिलाड़ियों पर प्रत्येक कम ओवर के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। ऐसे में मामले को लेकर औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह जुर्माना आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने लगाया।
इस मामले में ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगज्स्की, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इबे शाहिद तथा चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाए थे।
हालांकि, मैदान पर स्लो ओवर रेट के कारण कार्रवाई झेलने के बावजूद वेस्टइंडीज के लिए तीसरा वनडे यादगार रहा। तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाने के बाद कैरेबियाई टीम ने आखिरी मैच में शानदार वापसी करते हुए भारत को मात दी।
भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में शाई होप की नाबाद 162 रन की शानदार पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया। यह 50 ओवर के क्रिकेट में कैरेबियाई टीम का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया। इससे पहले वेस्टइंडीज ने आयरलैंड के खिलाफ 331 रन के लक्ष्य का पीछा किया था।
शाई होप ने इस मुकाबले में एक और खास उपलब्धि हासिल की। वह वेस्टइंडीज की ओर से वनडे में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए। रन चेज के दौरान उनकी 162 रन की पारी ने ब्रायन लारा का 33 साल पुराना रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। लारा ने 1993 में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ 153 रन बनाए थे।
अब भारत और वेस्टइंडीज की टीमें वनडे के बाद टी20 इंटरनेशनल सीरीज में आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज मंगलवार से शुरू होने वाली है। ऐसे में वनडे की आखिरी भिड़ंत में मिली जीत के बाद वेस्टइंडीज का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ होगा।