8वीं बार एशिया कप चैम्पियन बना भारत
टीम इंडिया ने 8वीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया है। भारत ने रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 10 विकेट से हराया।
यह मैच खत्म होते वक्त बची हुई गेंदों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है। टीम ने 263 गेंद बाकी रहते जीत हासिल कर ली। इससे पहले, टीम इंडिया ने केन्या को 2001 में 231 गेंद रहते हराया था।
फाइनल मैच में श्रीलंकाई टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में 50 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में टीम इंडिया ने 6.1 ओवर में 51 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। साथ ही भारत ने सबसे कम गेंद खेल कर टारगेट चेज करने का अपना रिकॉर्ड भी सुधारा है। टीम इंडिया बल्लेबाजी में सिर्फ 37 गेंद खेलकर मैच जीत गई। पिछला रिकॉर्ड 69 बॉल का था। भारत ने 2001 में केन्या को इतनी गेंदें खेलकर हराया था। सिराज ने ग्राउंड स्टाफ को डोनेट की इनामी राशि
मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया, इसके लिए उन्हें 5 हजार डॉलर (करीब 4 लाख रुपए) की इनामी राशि मिली। सिराज ने यह रकम ग्राउंड्स स्टाफ की टीम को डोनेट कर दी।
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने भी ग्राउंड स्टाफ को 50 हजार डॉलर (करीब 40 लाख रुपए) दिए। एशिया कप के अधिकांश मुकाबले बारिश से प्रभावित रहे और ग्राउंड्स स्टाफ ने कड़ी मेहनत की। 5 साल बाद भारतीय टीम ने जीती कोई ट्रॉफी
भारतीय टीम ने 5 साल बाद कोई ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले, टीम इंडिया ने 2018 में वनडे एशिया कप जीता था। तब भी रोहित शर्मा भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे। मोहम्मद सिराज : 6 विकेट चटकाए मोहम्मद सिराज ने पहले ही स्पेल में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने अपनी शुरुआती 16 गेंदों में श्रीलंका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा दी। हार्दिक पंड्या : 3 विकेट लिए सिराज के बाद हार्दिक पंड्या ने श्रीलंकाई टीम को 50 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आखिरी बैटर्स के 3 विकेट हासिल किए। जसप्रीत बुमराह : पहला विकेट चटकाया जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर की तीसरी बॉल पर कुसल परेरा को आउट कर श्रीलंका के विकेट्स का खाता खोला। यहां से शुरू हुआ विकेट पतन का दौर पथिराना के विकेट के साथ थमा। पथिराना को पंड्या ने आउट किया।
गिल-ईशान की फिफ्टी पार्टनरशिप
51 रन का टारगेट भारतीय टीम ने महज 6.1 ओवर में बगैर विकेट गंवाए हासिल कर लिया। टीम से ओपन करने उतरे शुभमन गिल और ईशान किशन ने 51 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। गिल ने नाबाद 27 और किशन ने नाबाद 23 रनों की पारी खेली।
देखें भारत-श्रीलंका फाइनल का स्कोरकार्ड
यहां से श्रीलंकाई पारी...
श्रीलंका 50 रन पर ऑलआउट, भारत के खिलाफ किसी टीम का सबसे छोटा वनडे स्कोर
टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी श्रीलंकाई टीम 50 रनों पर ऑलआउट हो गई। यह भारत के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे कम स्कोर है।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को 15.2 ओवर में पवेलियन लौटा दिया।
मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट चटकाए, जबकि हार्दिक पंड्या को 3 विकेट मिले। एक सफलता जसप्रीत बुमराह के हिस्से आई।
श्रीलंका ने बांग्लादेश का रिकॉर्ड तोड़ा
यह भारत के खिलाफ किसी टीम का वनडे में सबसे छोटा स्कोर है। इससे पहले, वनडे में भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर बांग्लादेश के नाम था। बांग्लादेश की टीम 2014 में 58 रन पर ऑलआउट हुई थी। वनडे में ओवरऑल सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम है। जिम्बाब्वे की टीम 2004 में श्रीलंका के खिलाफ 35 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
श्रीलंका का कोई भी बैटर 20 पार नहीं
भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बैटर जूझते नजर आए। टीम का कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा पार नहीं कर सका। कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 17 रनों की पारी खेली, जबकि दुशन हेमंथ ने 13 रन बनाए।
पावरप्ले: श्रीलंकाई पारी लड़खड़ाई
पावरप्ले में श्रीलंकाई पारी लड़खड़ा गई। टीम ने 10 ओवर में 33 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। सिराज ने 5 और बुमराह ने एक विकेट लिया। आलम यह था कि टीम का कोई भी बैटर डबल डिजिट में नहीं पहुंच पाया।