भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए भारत ने फौरन भेजी मदद, तुर्किये ने कहा शुक्रिया दोस्त
नई दिल्ली । तुर्किये और सीरिया में सोमवार को आए जलजले ने तबाही मचा दी। हजारों लोग काल के गाल में समा गए। वहीं, कई लोग अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। विनाशकारी भूकंप ने कई इमारतों को भी जमीदोंज कर दिया है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। ऐसे में राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
इस मुश्किल घड़ी में तुर्किये की मदद के लिए कई देश आगे आए हैं। वहीं, भारत भी तुर्किये की मदद के लिए कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। भूकंप ने जैसे ही तुर्किये में तबाही मचाई, भारत ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य के लिए अपनी एनडीआरएफ की टीम भेज दी। इसके बाद भी भारत की ओर से लगातार मदद भेजी जा रही है।
तुर्किये ने कहा शुक्रिया
वहीं, इस मदद के लिए तुर्किये ने भारत को धन्यवाद कहा है। भारत में तुर्किये के राजदूत फिरात सुनेल ने ट्विटर पर लिखा, "दोस्त शब्द तुर्किये और हिंदी में आम शब्द है। हमारे यहां एक कहावत है... Dost kara günde belli olur (जरूरत में काम आने वाला दोस्त ही दोस्त होता है)... मदद के लिए बहुत धन्यवाद।
भारत ने भेजी की NDRF की दो टीम
भारत ने राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें भेजी हैं। इसमें पांच महिला कर्मियों, चार खोजी कुत्ते समेत 101 सदस्य हैं। एनडीआरएफ की एक टीम मंगलवार सुबह ही पहुंच चुकी है। एनडीआरएफ की दूसरी टीम कमांडिंग ऑफिसर गुरमिंदर सिंह के नेतृत्व में कोलकाता से रवाना हुई है। भारतीय दूतावास और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार एनडीआरएफ बचाव अभियान शुरू करेगी।