एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में आज भारत बनाम पाकिस्तान
इंडिया पॉइंट्स टेबल में टॉप पर, पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 14 मुकाबले नहीं हारा
चेन्नई . भारतीय मेंस हॉकी टीम बुधवार यानी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी 2023 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगी। मैच रात 8:30 बजे से चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी की राइवलरी बहुत पुरानी रही है। पहली बार दोनों टीमें 1956 के ओलिंपिक में भिड़ी थी। इसमें भारत ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।
दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 2022 में एशिया कप के दौरान खेला गया था, जो कि 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी 2023 में जहां भारत चार मैचों में 10 पॉइंट्स के साथ एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी की पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर है, वहीं पाकिस्तान इतने ही मैचों में पांच अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
शुरुआत करते है हेड टु हेड से..
हेड टु हेड में पाकिस्तान भारत से 18 जीत से आगे है, यानी भारत ने 64 और पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं। हांलाकि, भारत अपने पिछले 14 मुकाबलों में पाकिस्तान से नहीं हारा है।
पाकिस्तान हारा तो टूर्नामेंट से बाहर
भारत चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बना चुका है। पाकिस्तान अपने शुरूआती मैच में मलेशिया के खिलाफ 3-1 से हार गया था। इसके बाद सोमवार को पाकिस्तान की पहली जीत चीन के खिलाफ आई। टीम ने चीन को 2-1 से हराया। अगर जापान दिन की शुरुआत में चीन को हरा देता है, तो पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत के खिलाफ जीत या ड्रॉ की जरूरत होगी और इस कारण टीम पर दबाव होगा।
भारत एक भी मैच नहीं हारा
भारत ने अपने पिछले मुकाबले में मौजूदा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चैंपियन साउथ कोरिया को 3-2 से हराकर पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारतीय मेंस हॉकी टीम ने अपने अभियान की शुरुआत चीन पर 7-2 से जीत और जापान के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के साथ की। उन्होंने अपने तीसरे मैच में मलेशिया को 5-0 से हराया। भारत टूर्नामेंट में अब तक एकमात्र अजेय टीम है।कप्तान हरमनप्रीत टॉप स्कोरर
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में अब तक पांच गोल किए हैं और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद खान ने तीन गोल किए है और उन्हें रोकना भफ्रत के लिए चुनौतीपूर्ण होगा।
कब और कहां देखें मैच
मैच की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड पर होगी। लाइव प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स फर्स्ट और स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 2 HD टीवी चैनल पर होगा।