'हिजबुल्लाह' के मिसाइल हमले में भारतीय व्यक्ति की मौत, इजरायल सरकार ने जताया दुख
लेबनान से दागी गई एक एंटी-टैंक मिसाइल के इजराइल के उत्तरी सीमावर्ती मार्गालियोट समुदाय के पास एक बगीचे में गिरने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी के मुताबिक, घटना सोमवार की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि तीनों भारतीय केरल के रहने वाले थे।
पीड़ित की पहचान केरल के कोल्लम के 31 वर्षीय पैट निबिन मैक्सवेल के रूप में हुई। मैक्सवेल कथित तौर पर दो महीने पहले इज़राइल पहुंचे थे और हमले के समय एक खेत में काम कर रहे थे। उनकी पांच साल की बेटी और उनकी पत्नी जीवित हैं, जो एक और बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। दोनों घायल भारतीयों की पहचान बुश जोसेफ जॉर्ज और पॉल मेल्विन के रूप में हुई।
बचाव सेवा मैगन डेविड एडोम (एमडीए) के प्रवक्ता जकी हेलर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि मिसाइल ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे इजराइल के उत्तर में गैलील क्षेत्र में मोशव (सामूहिक कृषि समुदाय) मार्गालियट में एक बागान पर हमला किया।
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, "चेहरे और शरीर पर चोट लगने के बाद जॉर्ज को पेटा टिकवा के बेलिन्सन अस्पताल ले जाया गया। उनका ऑपरेशन किया गया, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। वह भारत में अपने परिवार से बात कर सकते हैं।" मेल्विन मामूली रूप से घायल हो गए और उन्हें उत्तरी इज़राइली शहर सफ़ेद के ज़िव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह केरल के इडुक्की जिले से हैं।
माना जाता है कि यह हमला लेबनान में शिया हिजबुल्लाह गुट द्वारा किया गया था, जो गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में 8 अक्टूबर से रोजाना उत्तरी इज़राइल पर रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन लॉन्च कर रहा है।