लखनपुर उपतहसील व पुलिस थाने का किया निरीक्षण
नदबई । एसडीएम जोगिन्दर सिंह ने लखनपुर उपतहसील कार्यालय व पुलिस थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान एसडीएम ने विभागीय रिकॉर्ड की जांच पडताल करते हुए रिकॉर्ड दुरुस्त करने को कहा। साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इससे पहले एसडीएम जोगिन्दर सिंह ने उपतहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया करने व पक्षकारों की समस्याओं को लेकर चर्चा की। साथ ही पुलिस थाने का निरीक्षण करते हुए पीडित लोगों की फरियाद सुनने व मामला दर्ज कर पीडित पक्ष को न्याय दिलाने को कहा। निरीक्षण दौरान नायब तहसीलदार केन्द्रप्रसाद शर्मा, थाना प्रभारी विशम्भर गुर्जर, निजी सहायक नरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने फसल खराबी का किया सर्वे:- ग्रामीण क्षेत्र में विगत दो दिवस से बारिश व हल्की ओलावृष्टि से फसल खराब होने के मामलें में प्रशासनिक अधिकारी सतर्क नजर आए। जब, एसडीएम जोगिन्दर सिंह ने क्षेत्र के गांव लखनपुर, शाहपुर, बछामदी, पींगोरा, जहांगीरपुर, मई, गादौली सहित अन्य गांवों में फसल खराबी का सर्वे किया। साथ ही गिरदावर व पटवारियों को खराब फसल की बिशेष गिरदावरी करते हुए रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। इससे पहले ग्रामीणों ने भी ज्ञापन देते हुए फसल खराब होने की गिरदावरी कराने की मांग की। बाद में एसडीएम ने गिरदावरी प्रक्रिया कराते हुए बीमा कम्पनी के सहयोग से मुआवजे को लेकर हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।