ग्राम पंचायत भूरी पहाड़ी में स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण
सवाई माधोपुर। पंचायत समिति सवाई माधोपुर के विकास अधिकारी रमेश चन्द मीना ने बुधवार को ग्राम पंचायत भूरी पहाड़ी में स्वच्छता गतिविधियों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने धोबी मोहल्ला एवं भूत मोहल्ला में स्वयं उपस्थित रहकर सफाई कार्य करवाया तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन पौधशाला का भी निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित फर्म को सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा स्वच्छता कार्य नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक अभियंता, अतिरिक्त विकास अधिकारी एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे। विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।