शोभायात्रा को पूर्ण शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकालने के निर्देश
सवाई माधोपुर । हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में धार्मिक आयोजन हमेशा से सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुए हैं। उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 6 अप्रैल को निकलने वाली शोभायात्रा को पूर्ण शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकालने के निर्देश आयोजकों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का पूर्व में अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाए जिन कार्यकर्ताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों को दीक्षा दी जानी है उनकी तहसीलवार सूची तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। मंच पर उपस्थित होने वाले मुख्य अतिथि, संत एवं वक्ताओं के नाम एवं मोबाइल नम्बर भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश हनुमान जन्मोत्सव आयोजकों को दिए हैं। उन्होंने शोभायात्रा निकालने के पूर्व इस संबंध में निर्धारित प्रपत्र पर उपखण्ड कार्यालय सवाई माधोपुर पर आवेदन करने की बात भी कहीं। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी तरह का अन्तराल न हो जिससे कार्यक्रम में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से गणेश मेला और रामनवीं जैसे धार्मिक आयोजन में आमजन एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन का सहयोग किया है उसी प्रकार का सहयोग हनुमान जयन्ती पर भी मिले।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने कहा कि धार्मिक आयोजन के अवसर पर सौहार्द कायम रहे इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान डीजे का उपयोग न हो और जो भजन इत्यादि का उपयोग किया जा रहा हो उसकी कॉपी पुलिस विभाग को उपलब्ध करवाई जाए। शोभायात्रा के दौरान किसी भी हथियार, लाठी इत्यादि का प्रयोग वर्जित रहेगा। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था में सहयोग के लिए आयोजनकों से कार्यकर्ता उपलब्ध कराने को कहा। उनहोंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द को दूषित करने वाले किसी भी असामाजिक व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, एसडीएम कपिल शर्मा, जिला संयोजक बजरंग दल प्रमोद पालीवाल, जिला अध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद् विमलेश शांण्डिल्य, नगर अध्यक्ष नरेश सिन्धी सहित आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।