इस्लामाबाद मस्जिद ब्लास्ट की जिम्मेदारी ISIS ने ली, 31 की मौत
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी में एक बार फिर आतंकवाद ने निर्दोष लोगों की जान ले ली। शिया समुदाय की खदीजा अल-कुबरा मस्जिद (इमामबाड़ा) में हुए आत्मघाती धमाके की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ISIS ने ली है। इस हमले में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 169 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले में खैबर पख्तूनख्वा से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर ने नमाज के दौरान खुद को विस्फोट से उड़ा लिया था।
हमले के बाद पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। राजधानी समेत कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस हमले में भारत और अफगानिस्तान के शामिल होने का आरोप लगाया था। इस पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ा जवाब देते हुए इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी आंतरिक समस्याओं का समाधान खुद करना चाहिए, न कि दूसरों पर दोष मढ़ना चाहिए।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, संसदीय मामलों के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने भी इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं देश का हौसला नहीं तोड़ सकतीं और जनता को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना होगा।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।