गाजा-मिस्र सीमा पर बने बफर जोन पर इजराइल का कब्जा
राफा। राफा में घुसपैठ के बाद इजराइल ने मिस्र और गाजा पट्टी से लगे बफर जोन पर भी कंट्रोल कर लिया है। इजराइली सेना ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। इजराइली डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने एक टेलीविजिन ब्रीफिंग में कहा कि इजराइली सेना ने ‘फिलाडेल्फी कॉरिडोर’ पर ‘ऑपरेशन कंट्रोल’ हासिल कर लिया है। हालांकि, हगारी ने यह नहीं बताया कि ऑपरेशनल कंट्रोल का क्या मतलब है।
मिस्र-गाजा बॉर्डर पर बफर जोन को इजराइली सेना ने ‘फिलाडेल्फी कॉरिडोर’ कोड नेम दिया है। कॉरिडोर 14 किमी लंबा है। इजराइल ने सितंबर 2005 में गाजा पट्टी पर अपना नियंत्रण छोड़ दिया था और इस इलाके को खाली कर दिया था।
इसके बाद इजराइल ने इस इलाके में एक बफर जोन बनाया ताकि हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके। हालांकि, साल 2007 में इस इलाके पर हमास ने कंट्रोल हासिल कर लिया था। अब 17 साल के बाद इजराइल ने इस इलाके एक बार फिर कब्जा कर लिया है।