Dark Mode
हिमाचल में 35 घंटे से बारिश हो रही

हिमाचल में 35 घंटे से बारिश हो रही

500 से ज्यादा सड़कें ब्लॉक, मंडी की बल्ह घाटी जलमग्न, 300 से अधिक घर ढहे, 35 गाड़ियां डैमेज


शिमला . हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। पिछले 35 घंटे से अधिक समय से भारी बारिश हो रही है। इससे 500 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गई हैं। चंडीगढ़-मनाली, कालका-शिमला और शिमला-बिलासपुर नेशनल हाईवे जगह-जगह बंद पड़ा है।

8 जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। इसे देखते हुए 8 जिलों शिमला, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू और सोलन में फ्लैश फ्लैड की चेतावनी दी गई है।मंडी बल्ह घाटी में सबसे ज्यादा नुकसान
शनिवार रात से हो रही बारिश से मंडी जिले की बल्ह घाटी में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। पूरी घाटी जलमग्न होने से 300 से ज्यादा घरों, 35 से ज्यादा गाड़ियों को नुक़सान पहुंचा है। किसानों की फसलें तबाह हुई हैं।

मंडी जिले के नाचन के चुनाहन में भी बादल फटने से घर खेत और पशु बह गए। लोगों का कहना है कि पहली बार उन्होंने ऐसी तबाही देखी है। पंचायत घर, पशु चिकित्सालय, PHC, हटगढ़ स्कूल जलमग्न है। सलवाहन का गोसदन भी खतरे में है। 75 पशु कभी भी बह सकते हैं।

शिमला में लैंडस्लाइड और पेड़ भी गिरे
शिमला शहर में भी जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से लोग दहशत में हैं। इससे कई घरों को नुकसान पहुंचा। शिमला-मनाली हाईवे पर ढैंडा के पास सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। छोटे वाहन हीरानगर, जतोग होते हुए शिमला आ सकते हैं।बिलासपुर के डीब में काफी नुकसान हुआ
बिलासपुर जिला में डीब नामक स्थान पर बारिश से बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। यहां पर बारिश के कारण आई बाढ़ और मलबे में 2 ट्राले, एक कार, गाय भैंस और बकरियां बह गईं। गनीमत रही कि कोई जानी नुक़सान नहीं हुआ। यहां पर पहाड़ी में दरारें आ जाने से मकानों को खतरा पैदा हो गया है। लोगों घरों से बाहर निकल गए हैं।

शिमला शहर में सड़कों की स्थिति
शिमला में संस्कृत कॉलेज के पास सड़क धंस गई है। इसक वजह से फागली नाभा रोड यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। हाईवे-205 हीरानगर ढाहड़ा के बीच भूस्खलन के कारण दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। ब्यूलिया रोड के पास शोघी मेहली बाइपास भूस्खलन के कारण दोनों ओर से बंद हो गया है।

हिमलैंड होटल के पास भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह से बंद कर दी गई है। भूस्खलन की वजह से खलीनी से टुटीकंडी मार्ग कनलोग के पास बंद हो गया है। हाईकोर्ट गेस्ट हाउस के पास पुलिस लाइन कैंथू रोड बंद हो गया है। धर्मपुर में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। दुकानों और घरों तक पानी पहुंच गया है।

बिजली और मोबाइल सिग्नल की कनेक्टिविटी बंद है। धर्मपुर और सरकाघाट का अन्य जिला से संपर्क कट गया है। निर्माणाधीन हाईवे जालंधर-मंडी वाया कोटली दर्जनों स्थानों पर पूरी तरह से बंद है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!