शिक्षा पाना प्रत्येक बच्चें का मौलिक अधिकार-मिश्रा
राजकीय कन्या विद्यालय में नवनिर्मित हॉल का हुआ लोकार्पण
हरसौर. शुक्रवार को कस्बे के राजकीय कन्या मावि में बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में राममनोहर तापड़िया, अशोक बाहेती एवं सीबीईओ हेमंत मिश्रा ने विधिवत फीता काटकर हॉल का लोकार्पण किया। अतिथियों के स्वागत के बाद समारोह को संबोधित करते हुए सीबीईओ मिश्रा ने कहा कि शिक्षा वो अस्त्र है, जिसकी सहायता से बड़ी से बड़ी कठिनाइयों का सामना कर सकते है। वह शिक्षा ही होती है जिससे हमें सही-गलत का भेद पता चलता हैं। एक वक़्त की रोटी ना मिले, चलेगा। किंतु शिक्षा जरुर मिलनी चाहिए। शिक्षा पाना प्रत्येक बच्चें का मौलिक अधिकार हैं। शिक्षा क्षेत्र में दिया गया दान ईश्वर की नजर में सर्वोत्तम दान है। इसलिए विद्यालय से सफलता प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं, जनप्रतिनिधियों व भामाशाहों को विद्यालय के भौतिक विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। शिक्षा के द्वारा ही व्यक्ति समाज और संगठन में अपनी पहचान बना सकता है। शिक्षक ही शिक्षा के द्वारा प्रगति करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन करवाने में अहम भूमिका निभा सकते है। साथ ही शिक्षक तो समाज का दर्पण है। समाज पर शिक्षा का प्रभाव पड़ता है जहां शिक्षा होती है। वह समाज शिक्षित तथा सभ्यता की ओर अग्रसर होता है। वह सृजन करता है शिक्षा के अभाव में व्यक्ति अपने शक्तियों का दुरुपयोग करता है, जिससे समाज का अहित होता है। समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम है। ये रहे मौजूद-कार्यक्रम में दयालपुरी गोस्वामी, सुल्तान मोहम्मद, अनिल कुमार शर्मा, हेमराज दिवाकर, भीयाराम पेड़ीवाल, रमेशपुरी गोस्वामी, शिवप्रकाश ओझा, कन्हैयालाल तिवाड़ी, रामवतार शर्मा, शहबाज खां मौलाना, जलालुद्दीन देशवाली, श्रवण कुमार ढाका, शिंभूराम मूंड, इंदिरा चौधरी, गोपीराम पुनिया, सुनीता, छगनलाल रिणवां, मुकेश त्यागी, विकास सोनी, बाबुलाल रियाड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।