जयपुर पटाखा गोदाम हादसा : बच्चे समेत 4 की मौत, अवैध गोदाम पर उठे सवाल
Jaipur : जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। आयशा नगर तलाई क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग की लपटों और धमाकों के बीच जान बचाने के लिए भागदौड़ की। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मृतकों में अब्दुल वाहिद की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य तीन शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों का शरीर 75 से 95 प्रतिशत तक झुलस चुका है।
जिला प्रशासन के अनुसार आग जिस स्थान पर लगी, वहां पटाखों का भंडारण किया जाता था। प्रारंभिक जांच में किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण हादसा होने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि हादसे वाला परिसर पटाखों के गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि निर्माण इकाई किसी अन्य स्थान पर संचालित होती थी। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में इस तरह का गोदाम अवैध रूप से चलाया जा रहा था और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में बारूद और पटाखों का गोदाम संचालित हो रहा था, फिर भी संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोदाम के मालिक, भवन स्वामी और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जाएगी। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।