Dark Mode
जयपुर निकाय चुनाव : 2,644 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, 714 ने वापस लिए नाम

जयपुर निकाय चुनाव : 2,644 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, 714 ने वापस लिए नाम

जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर जयपुर जिले में नाम वापसी का दौर खत्म होते ही मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। जिले की 19 नगरीय निकायों में अब कुल 2,644 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इन उम्मीदवारों के बीच 9 और 11 सितंबर को मतदान होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद सभी 19 निकायों में कुल 3,365 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। दो दिन चली नामांकन वापसी प्रक्रिया के दौरान 714 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद मैदान में बचे उम्मीदवारों की संख्या 2,644 हो गई है।

नाम वापसी के साथ ही जिले में तीन वार्ड ऐसे भी रहे, जहां उम्मीदवारों के सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं बचा। इसके चलते तीन प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें नरैना नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी हीना बानू शामिल हैं। उनके सामने भाजपा की ओर से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं था।

इसी तरह चाकसू नगरपालिका के वार्ड नंबर 11 से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक श्याम निर्विरोध निर्वाचित हुए। मनोहरपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 15 में कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन मोहनपुरिया ने भी बिना चुनाव लड़े जीत दर्ज की।

अब चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए करीब एक सप्ताह का समय है। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को होगा, जिसके लिए प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने प्रचार तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके बाद दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।

राज्यभर के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 9 सितंबर को पहले चरण में 164 निकायों में मतदान होगा, जबकि 11 सितंबर को दूसरे चरण के तहत 145 निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जयपुर जिले की 19 निकायों में होने वाला मुकाबला भी इसी दो चरणों की प्रक्रिया का हिस्सा है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!