बीसलपुर बांध में डूबने से जयपुर निवासी एक युवक की मौत
टोंक। जिले के देवली उपखंड में बीसलपुर बांध पर मंगलवार की शाम को घूमने आये जयपुर निवासी एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर देवली थाना एवं बीसलपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, उन्होने शव को निकालने की कोशिश की, लेकिन रात होने के चलते से सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह से एक बार फिर शव को तलाश करने के प्रयास शुरू करने के बाद शव को बाहर निकाला गया है। देवली थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि यह हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े 6 से 7 बजे हुआ। उन्होने बताया कि जयपुर निवासी राकेश नायक, रमेश नायक, शंकर लाल सैनी एवं इमरान अली पुत्र रफीक मोहम्मद कार से बीसलपुर बांध घूमने आए थे, जहां बीसलपुर बांध के निकास एरिया में नहाते समय पानी में डूबने से इमरान अली पुत्र रफीक मोहम्मद निवासी 11 लोहिया कॉलोनी बजरी मंडी जयपुर की मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालकर देवली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां मृतक के परिजनों के जयपुर से आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस दौरान वृत्ताधिकारी देवली सुरेश कुमार भी मौके पर उपस्थित रहे।