जैसलमेर : मुख्यमंत्री संग आंगनबाड़ी बहनों ने मनाया रक्षाबंधन का त्यौहार
- जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्कर्ष जैन भवन में हुआ आयोजित
जैसलमेर। आज मंगलवार को पूरे प्रदेश के साथ जैसलमेर में भी “मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन” कार्यक्रम हर्षाेल्लास से मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में प्रदेशभर की आंगनबाड़ी बहनों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जैसलमेर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्कर्ष जैन भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला प्रमुख प्रताप सिंह सोलंकी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, समाजसेवी चंद्रप्रकाश सारडा, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास सोमेश्वर देवड़ा, उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक गोयल, संरक्षण अधिकारी चंद्रवीर सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदेश की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के खातों में 501 रुपये की रक्षाबंधन उपहार राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। साथ ही सभी आंगनबाड़ी बहनों को छाता एवं मिठाई भी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पोषण शपथ भी दिलाई एवं कहा कि आंगनबाड़ी बहनें न केवल बच्चों व महिलाओं के पोषण की दिशा में कार्य कर रही हैं, बल्कि सामाजिक चेतना और सेवा की मिसाल भी बन रही हैं। कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी बहनों ने आमंत्रित अतिथियों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व सादगी व सम्मानपूर्वक मनाया।