राजसमंद पहुंचने पर जल जीवन यात्रा का हुआ स्वागत
जागरूकता रथ के साथ प्रदेश के सभी 50 जिलों में 75 दिनों तक करेंगे जनसम्पर्क
राजसमन्द. जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित जल जीवन यात्रा मंगलवार को राजसमंद पहुंची। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचने पर राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीनारायण आमेटा, जिलाध्यक्ष सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य, लक्ष्मीनारायण जोशी, लोक अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संपतलाल लढ्ढा, बंशीलाल रांका, अजय चौधरी, सरपंच अयान जोशी सहित नगरवासियों ने जल जीवन यात्रा का स्वागत किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचरण शर्मा ने "जल है तो कल है पोस्टर" का विमोचन किया। पार्षद सोमपुरा ने डॉ. श्याम सुन्दर पालीवाल के निवास पर मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। पद्मश्री पालीवाल ने सोमपुरा के कार्य की प्रशंसा की। नगर भ्रमण के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहन कुमावत के नेतृत्व में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने पार्षद सोमपुरा का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से नगर परिषद डूंगरपुर के पार्षद व सामाजिक कार्यकर्ता ब्रिजेश कुमार सोमपुरा जागरूकता रथ के साथ प्रदेश में जल बचाने का संदेश दे रहे है। हृदय संस्थान द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित 75 दिवसीय जल जीवन यात्रा प्रदेश के सभी 50 जिलो में जाएगी। पार्षद सोमपुरा ने जागरूकता रथ के साथ सार्वजनिक स्थानों पर घूमकर जल संरक्षण की अपील की तथा पैम्पलेट वितरित किए। जागरूकता रथ पर जल संरक्षण के संदेश व जल बचाने के तरीके लिखे हुए है। सोमपुरा ने कहा कि आज देश के कई हिस्से जल की कमी से जूझ रहे है। यदि हम समय रहते जल संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हुए तो कोरोना महामारी की तरह आने वाले समय में हमारी भावी पीढ़ी को जल संकट का सामना करना पड़ेगा। रोजमर्रा के जीवन में हम अपनी छोटी-छोटी आदतों में सुधार करके बहुत सारा जल बचा सकते है।