आदर्श विद्या मंदिर में जन्माष्टमी की धूम: 150 से अधिक विद्यार्थियों ने सजाईं झांकियां
जयपुर। राजा पार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में प्रबंध समिति के तत्वावधान में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित विभिन्न झांकियों में पात्रों का स्वरूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रासलीला में राधा-कृष्ण की मनमोहक छवि, माखन चोर लीला में बाल कृष्ण की बाल-सुलभ क्रीड़ाएं और कंस वध की झांकी ने दर्शकों को आकर्षित किया। द्रौपदी की पुकार की प्रस्तुति में भगवान की कृपा और भक्ति की शक्ति का भावपूर्ण चित्रण किया गया। इसके अलावा राधा-कृष्ण मंदिर, कारागृह, शिशुपाल वध, नरसिंह अवतार और भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप पर आधारित झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। मिशन चंद्रयान रहा विशेष आकर्षण: विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत मिशन चंद्रयान की झांकी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और देश की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। समिति अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री शिवप्रसाद, क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोविंद, प्रमिला ताई, नर्मदा इंदौरिया, नीता बुचरा, भाजपा नेता अशोक परनामी, रवि नय्यर, नीरज अग्रवाल तथा पूनम-आशीष मेहता ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय डायरेक्टर डॉ. रीता भार्गव, प्रधानाध्यापक राजेंद्र गुप्ता और सुनयना नागपाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम संयोजिका व उच्च प्राथमिक प्रभारी वंदना मेहरोत्रा ने बताया कि इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. निधि गुप्ता, राजेश बड़गुर्जर, अनिल लोढ़ा, राजीव गुप्ता, राजीव जैन, स्वाति मेहरा, तुलसी संगतानी सहित धर्मदत्त शर्मा और अरविंद अरोड़ा मौजूद रहे।