जायल : आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ
जायल। महिला एवं बाल विकास विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की गई। सोनेली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं एजुकेटिंग गर्ल्स संस्था के समन्वय से महिलाओं के कौशल विकास से जुड़ी कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें राज्यमंत्री द्वारा कार्यकर्ता, सहायिका, साथिन, ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को कौशल विकास एवं आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी देते हुए इस दिशा में प्रोत्साहित किया गया। कौशल विकास से जुड़ी इस पहल की शुरुआत सोनेली से करते हुए एडिशनल डायरेक्टर श्रीमती विजयश्री चोटिया ने स्थानीय भाषा में महिलाओं से संवाद करते हुए सोलर बैटरी से लेकर गोबर की खाद तक विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही एजुकेटिंग गर्ल्स संस्थान के प्रतिनिधि विपुल शर्मा ने ट्रेनिंग मॉड्यूल की जानकारी देते हुए आर्थिक सशक्तिकरण की बात की। राज्यमंत्री द्वारा जायल के आंगनबाड़ी केंद्रों में पुनरुद्धार के क्रम में तैयार सुवादिया बास स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र एक का लोकार्पण भी किया गया। सीडीपीओ डॉ. हर्षा वर्मा ने बताया कि जायल विधानसभा के पहले आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में तैयार इस केंद्र पर सरकार द्वारा प्राप्त बजट का उपयोग करते हुए सिविल कार्य के साथ पंखे, बल्ब, आरओ इत्यादि द्वारा उन्नतीकरण करवाया गया। साथ ही भारत विकास परिषद द्वारा सहयोग करते हुए बाला पेंटिंग का कार्य एवं भामाशाह हनुमानराम मेघवाल द्वारा पोषण वाटिका तैयार करवाने का पुनीत कार्य करवाया गया। राज्यमंत्री द्वारा आगामी दिनों में 07 अन्य आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नतीकरण के साथ -साथ सक्षम आंगनबाड़ी की भी घोषणा की गई।इस दौरान राज्यमंत्री द्वारा सीडीपीओ ऑफिस में पौधारोपण कर विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।