जायल : ग्रामीण सेवा शिविरों में 2000 से अधिक लाभार्थी हुए लाभान्वित
जायल। सर्व सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत तरनाऊ एवं धारणा में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। दोनों शिविरों में नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही तथा कुल 2000 से अधिक लाभार्थियों ने विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ लिया। ग्रामीण सेवा शिविर योजना का उद्देश्य लंबित राजस्व प्रकरणों जैसे सीमाज्ञान, सहमति विभाजन एवं नामांतरण का त्वरित निस्तारण करना तथा नागरिकों को अन्य विभागीय सेवाएँ ग्राम स्तर पर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिससे ग्रामीणों को तहसील एवं जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सुविधाएँ सीधे गाँव स्तर पर मिल सकेंगी। ग्राम पंचायत तरनाऊ में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग ने मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, सीमाज्ञान व नामांतरण के प्रकरणों का समाधान किया। पंचायती राज विभाग ने स्वामित्व योजना के तहत कार्ड वितरित किए, जबकि ऊर्जा विभाग ने 13 विद्युत प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 400 से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की, जिसमें टीकाकरण, टीबी व एनसीडी स्क्रीनिंग तथा पीएमजेएवाई केवाईसी शामिल रहे। पशुपालन विभाग ने बीज मिनी किट वितरण, पशु उपचार और पौधारोपण किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने पालनहार योजना के लाभार्थियों का सत्यापन किया। ग्राम पंचायत धारणा में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग ने नामांतरण व सीमाज्ञान के प्रकरण निपटाए तथा किसानों को गिरदावरी ऐप की जानकारी दी। स्वामित्व पट्टों का वितरण किया गया और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित पेंशन प्रकरणों का निस्तारण हुआ। चिकित्सा विभाग ने महिलाओं व बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण व टीकाकरण किया। पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसियाँ वितरित कीं तथा पशुओं का उपचार किया। दोनों शिविरों में ग्रामीणों ने विभागीय सेवाओं का लाभ उठाते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।