राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का जेडीए आयुक्त ने किया निरीक्षण, 92% से अधिक शिकायतें निस्तारित
जयपुर। आमजन की शिकायतों का समय पर समाधान हो और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जयपुर विकास प्राधिकरण ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर दर्ज परिवादों की समीक्षा की। जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने गुरुवार को हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाजन ने खुद परिवादियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने शिकायतों की प्रकृति और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाकर शिकायतकर्ताओं को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि राजस्थान संपर्क आमजन की सेवा और समस्याओं के समाधान का अहम माध्यम है। ऐसे में इस पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करने और उनका पारदर्शी, संवेदनशील तथा तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
महाजन ने शिकायतों के विश्लेषण और उनके समाधान की प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल की संभावनाओं की भी जानकारी ली। उनका कहना था कि मानवीय विवेक के साथ तकनीक का बेहतर तालमेल शिकायत निस्तारण को अधिक प्रभावी बना सकता है। इससे समस्याओं की पहचान और उन पर कार्रवाई की प्रक्रिया को बेहतर किया जा सकेगा।
92.45 प्रतिशत परिवादों का निस्तारण
जेडीए के आंकड़ों के अनुसार, 26 नवंबर 2026 तक प्राधिकरण से संबंधित कुल 47,132 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें से 43,572 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह शिकायतों के समाधान का प्रतिशत 92.45 दर्ज किया गया है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में परिवादों के निस्तारण का औसत समय 31 दिन रहा। वहीं नवंबर महीने में औसत निस्तारण अवधि घटकर 16 दिन रह गई। आयुक्त ने अधिकारियों को इसी तरह तेजी बनाए रखने और शेष लंबित शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।