झालावाड़ : आवश्यक सेवाओं से संबंधी कार्यों में तत्परता से कार्य कर जनता को बेहतर सुविधाओं से लाभान्वित करें - जिला कलेक्टर
झालावाड़। आवश्यक सेवाओं से संबंधी कार्यों में तत्परता से कार्य कर जनता को बेहतर सुविधाओं से लाभान्वित करें यह बात जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहीं।
त्यौहारों के समय में पेयजल व विद्युत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था के लिए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लेने की स्थिति में पूर्व सूचना देकर उपभोक्ताओं को जानकारी दें। इस दौरान उन्होंने जिले में सड़कों की मरम्मत कार्य की समीक्षा की।
बैठक में बजट घोषणाओं के तहत भूमि आवंटन के प्रकरणों तथा अंतर्विभागीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों के दिए गए। जिला कलेक्टर ने सड़कों पर बैठे बेसहारा गोवंशों को हटवाकर अन्यत्र स्थान पर छुड़वाने के निर्देश पशुपालन विभाग व नगर परिषद के अधिकारी को दिए। इस दौरान रसद अधिकारी को सैंड बैक आवेदनों का शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में विभागीय कार्यों में प्रगति लाकर उसकी प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। पालनहार योजना में प्रगति के निर्देश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक को दिए। जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं में प्रगति लाकर जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
शिकायतों के निस्तारण के साथ संतुष्टि स्तर में भी सुधार लाएं- जिला कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण में कोई लापरवाही या देरी ना करें। शिकायत प्राप्त होते ही उसके निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ करें। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के साथ संतुष्टि स्तर में भी प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा की प्रकरण के निस्तारण या रिजेक्शन दोनों स्थिति में परिवादी से वार्ता कर उचित जवाब दें ताकि संतुष्टि स्तर में सुधार हो।
बैठक में जिला कलेक्टर ने आगामी 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाभियान के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में उप वन संरक्षक सागर पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा सहित विभिन विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।